https://blogger.googleusercontent.com/img/b/R29vZ2xl/AVvXsEi_nXYDircpji_NBp4Y2oyo8rhVeU-DuXusJaP3AW8


 


 


 


Stringer24 News

सत्य और समाज के बीच की कड़ी

🔴 भाजपा ने प्रदेश को कर्ज में डुबोया!

चार साल की पूरी कमाई के बाद भी नहीं उतरेगा कर्ज : माकपा

भोपाल / नरसिंहपुर : चार्वाक ने कहा था कि यदि स्वर्ग में भुगतान के लिए उधार लेकर भी घी पीना पड़े तो पी लेना चाहिए। लेकिन मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने तो इस जन्म में ही उधार लेकर घी पीना शुरू कर दिया है। फर्क बस इतना है कि उस घी का भुगतान प्रदेश की जनता से टैक्स के कोल्हू में पीसकर वसूला जाने वाला है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कामरेड जगदीश पटेल ने राज्य सचिव जसविंदर सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति को जारी करते हुए कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की मोहन यादव सरकार विकास के ऊंचे दावे कर रही है, तब हकीकत यह है कि वर्ष 2025-26 के वित्त वर्ष में प्रदेश सरकार ने हर रोज लगभग 250 करोड़ रुपए कर्ज लेकर सरकारी व्यवस्था चलाई है।

इस वित्त वर्ष में सरकार ने करीब 91,500 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है।

माकपा नेता ने कहा कि प्रदेश पर कुल कर्ज 5.56 लाख करोड़ रुपए को पार कर चुका है। प्रदेश की जनसंख्या लगभग 9 करोड़ मानी जाए तो प्रत्येक नागरिक लगभग 6.17 लाख रुपए का कर्जदार बन चुका है।

दूसरी ओर विधानसभा में प्रस्तुत आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार प्रदेश की प्रति व्यक्ति वार्षिक आय मात्र 1.69 लाख रुपए है। इसका सीधा अर्थ है कि यदि प्रदेश के नागरिक अपनी पूरी आय भी कर्ज चुकाने में लगा दें तो भी इस कर्ज को चुकाने में चार साल का समय लग जाएगा।

कर्ज पर ब्याज ही भारी

जसविंदर सिंह ने कहा कि क्या इतना करने से प्रदेश कर्ज मुक्त हो जाएगा? ऐसा संभव नहीं है क्योंकि वर्तमान कर्ज पर लगभग 12 प्रतिशत ब्याज दर से हर साल 66,720 करोड़ रुपए केवल ब्याज के रूप में देना पड़ेगा।

साथ ही सरकार नया कर्ज लेना बंद करने के बजाय अप्रैल महीने में ही नया कर्ज लेने की तैयारी कर रही है। यानी कर्ज का बोझ कम होने के बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है।

विकास कहां है ?

माकपा ने सवाल उठाया कि यदि यह कर्ज जनता के कल्याण के लिए लिया जा रहा है तो फिर प्रदेश में विकास दिखाई क्यों नहीं दे रहा?

  • किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा
  • मजदूरों को न्यूनतम वेतन नहीं मिल रहा
  • आशा, उषा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मानदेय वृद्धि के लिए संघर्ष कर रही हैं
  • सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं
  • स्कूलों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं
कर्ज के पैसे से बनने वाले पुल उद्घाटन के साथ ही टूट रहे हैं, सड़के पहली बारिश में धंस रही हैं, बांध टूट रहे हैं और सरकारी भवनों की छतें टपक रही हैं।

माकपा का आरोप है कि प्रदेश पर बढ़ते कर्ज का बड़ा हिस्सा नेताओं, नौकरशाहों और ठेकेदारों की तिकड़ी के भ्रष्टाचार में फंस गया है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का मानना है कि भाजपा सरकार प्रदेश को लगातार कर्ज के दलदल में धकेल रही है और आने वाले समय में इस कर्ज का बोझ प्रदेश की जनता के गाढ़े पसीने की कमाई से ही उतारा जाएगा।


जगदीश पटेल
जिला सचिव
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी
नरसिंहपुर

© Stringer24 News | सत्य और समाज के बीच की कड़ी
Previous Post Next Post

📻 पॉडकास्ट सुनने के लिए यहां क्लिक करें।

🎙️ Stringer24News Podcast

🔴 देखिए आज का ताज़ा पॉडकास्ट सीधे Stringer24News पर