जुलाई के इस महीने में जब मध्य प्रदेश के खेतों में बुआई का काम चरम पर होना चाहिए, नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में किसान सड़कों पर हैं। किसानों का आरोप है कि उन्हें फसलों के लिए न तो पर्याप्त खाद मिल पा रही है और न ही सिंचाई के लिए बिजली।
किसानों की सबसे बड़ी नाराजगी 'टोकन प्रणाली' से है। उनका कहना है कि इस जटिल व्यवस्था ने खाद की खरीद को और ज्यादा मुश्किल बना दिया है।
किसानों की गंभीर समस्याओं को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के 'प्रदेश व्यापी आह्वान' के तहत नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील में माकपा जिला समिति द्वारा एक बड़ा आंदोलन किया गया।
यहाँ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 16 जुलाई की दोपहर 12 बजे से 17 जुलाई की दोपहर 12 बजे तक 24 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल की। इस अनशन के समाप्त होने पर महामहिम राज्यपाल के नाम एक 5-सूत्रीय ज्ञापन गाडरवारा एसडीएम (SDM) को सौंपा गया, जिसमें कृषि संकट के शीघ्र समाधान की मांग की गई है।
किसानों की ५ मुख्य मांगें क्या हैं?
माकपा की जिला समिति ने गाडरवारा एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को एक 5-सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। इनकी मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
- रासायनिक खाद (यूरिया और डीएपी) की तत्काल और सीधी उपलब्धता।
- खाद वितरण के लिए लागू की गई टोकन प्रणाली का खात्मा।
- न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीद।
- खेती के लिए बिना किसी अघोषित कटौती के 12 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति।
- जर्जर बिजली तारों, केबल और ओवरलोड हो चुके ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदलना।
अनशन पर मुख्य रूप से राज्य सचिवमंडल सदस्य कामरेड बादल सरोज, जिला सचिव जगदीश पटेल, देवेंद्र वर्मा, लालसाहब वर्मा, करणसिंह अहिरवार, यदुराज वर्मा और कमलेश वर्मा बैठे रहे।
पार्टी के इस आह्वान को जमीनी स्तर पर मजबूत समर्थन मिला। भूख हड़ताल स्थल पर माकपा के वरिष्ठ नेताओं—एन एस पटेल, राजेंद्र सिंह राजपूत, शिवकुमार कौरव, दिनेश कुशवाहा, लीलाधर वर्मा, नरेंद्र वर्मा, मनीराम वर्मा, तुलसीराम श्रीवास, कालूराम वर्मा, यशकुमार वर्मा, भैरोप्रसाद विश्वकर्मा, गरीबदास चौधरी, मिथलेश शर्मा, वी के शर्मा, एडवोकेट नरेश चौधरी, अभिषेक ढिमोले, रामस्वरूप साहू, प्रमोद सिंह राजपूत, हरिशंकर कौरव, रामाधार कुशवाहा, प्रबंध पटेल, भागचंद सराठे और सागर मेहरा सहित सैकड़ों किसानों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
