जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर में अव्यवस्थाओं का जमावड़ा!
नरसिंहपुर — जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर का हाल इन दिनों बद से बदतर होता जा रहा है। जहां एक ओर जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल की हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है।
अस्पताल के मुख्य द्वार पर तो पार्किंग व्यवस्था नजर आती है, लेकिन ओपीडी काउंटर के पास वाहनों का जमावड़ा प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। यहां मरीजों के परिजनों को धूप और बारिश में खुले आसमान के नीचे टिकिट लेने के लिए खड़ा रहना पड़ता है, जबकि वाहन आराम से वहीं खड़े रहते हैं। सवाल उठता है — क्या मरीजों की सुविधा से ज्यादा महत्वपूर्ण वाहनों की सुविधा हो गई है?
इसके साथ ही अस्पताल परिसर में आवारा गौवंश की आवारागर्दी भी मरीजों के लिए सिरदर्द का कारण बनी हुई है। कई बार मरीजों के घायल होने तक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन और नगर पालिका दोनों ही अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। “यहां कोई देखने वाला नहीं, अधिकारी केवल फाइलों में सफाई और व्यवस्था दिखा देते हैं, ज़मीन पर सब अव्यवस्था है,” — एक मरीज के परिजन ने बताया।
अब सवाल उठता है कि क्या जिला प्रशासन इस लापरवाही पर संज्ञान लेगा या फिर नरसिंहपुर का जिला चिकित्सालय यूं ही अव्यवस्था और बेपरवाही का प्रतीक बना रहेगा?
📞 शिकायत दर्ज करने के लिए वेबसाइट पर जाएं या QR को स्कैन करें:
🔗 वेबसाइट खोलें© 2025 Stringer24 News | रिपोर्टिंग: Stringer Journalist
