पवन एक्सप्रेस में 2 वर्षीय बच्चा गरम चाय से झुलसा
नरसिंहपुर रेलवे चिकित्सक की तत्परता से मिला तत्काल उपचार
दिनांक: 15 जनवरी 2026 | रेलवे स्वास्थ्य सेवा
दिनांक 15 जनवरी 2026 को पवन एक्सप्रेस (अप) ट्रेन नंबर 11062 के कोच S2, सीट नंबर 76 में यात्रा के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। PNR नंबर 6937950856 के अंतर्गत दरभंगा से कल्याण की यात्रा कर रहे यात्री मुकेश जी के 2 वर्षीय मासूम बच्चे पर गरम चाय गिरने से बच्चे का पूरा पेट (होल एब्डोमेन) बुरी तरह झुलस गया।
बच्चे के पूरे पेट में जलने के कारण फफोले पड़ गए थे, जिससे परिजन बेहद घबरा गए।
घटना की जानकारी डिप्टी कमर्शियल विभाग, नरसिंहपुर को मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई। ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचते ही रेलवे चिकित्सक डॉ. आर. आर. कुर्रे द्वारा बच्चे की तत्काल जांच की गई।
चिकित्सकीय परीक्षण में यह पाया गया कि बच्चे के पूरे पेट में जलने के कारण फफोले बन चुके थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर द्वारा सिल्वर सल्फाडायजिन से सावधानीपूर्वक ड्रेसिंग की गई। साथ ही एंटीबायोटिक एवं दर्द निवारक सिरप प्रदान कर आगे की यात्रा के लिए मेडिकल परमिट दिया गया।
यात्री ने बताया कि बच्चा कटनी के बाद चाय गिरने से झुलस गया था, लेकिन नरसिंहपुर रेलवे चिकित्सक की तत्परता से पूरा इलाज मिल सका।
समय पर मिली इस चिकित्सा सहायता से बच्चे की स्थिति में सुधार हुआ, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। यात्री द्वारा रेल प्रशासन एवं रेलवे चिकित्सा विभाग का त्वरित कार्रवाई और मानवीय सेवा के लिए धन्यवाद व्यक्त किया गया।
