📰 STRINGER24NEWS
“स्वतंत्र पत्रकार” ने तोड़ा अपना माइक — जब भूख, बेबसी और ईमानदारी आमने-सामने खड़ी हो जाए!
जब पेट की कीमत पर ईमानदारी बिकने से इंकार हो जाए!
सोशल मीडिया। इन दिनों एक विडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें खुद को “स्वतंत्र पत्रकार” बताने वाला युवक कैमरे के सामने अपने ही हाथों से पत्थर उठाकर माइक तोड़ता हुआ नजर आ रहा है। यह दृश्य जितना छोटा है, उतना ही बड़ा सवाल खड़ा करता है — क्या आज के दौर में सच बोलना सबसे महंगा पेशा बन गया है?
“ये सिर्फ एक माइक नहीं टूटा, यह उस सिस्टम का आईना है जो सच्चे पत्रकारों को भीतर से तोड़ देता है।”
विडियो में उस पत्रकार का चेहरा थका हुआ, आंखों में मायूसी और भीतर एक टूटन साफ झलकती है। यह वह लम्हा है जब किसी पत्रकार के भीतर का आदर्श उसकी आर्थिक मजबूरी से हार गया।
आज का स्वतंत्र पत्रकार न कोई बड़ी तनख्वाह पाता है, न सुविधाएं, न सुरक्षा। इसके बावजूद समाज उससे उम्मीद करता है कि वह ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम करे — भले ही उसके घर का चूल्हा ठंडा क्यों न पड़े।
“जब सच बोलने से पहले पेट की भूख और खर्च की चिंता सताए — तब पत्थर उठाना मजबूरी बन जाता है, अपराध नहीं।”
विडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई — कोई कह रहा है कि यह पत्रकारिता की आत्मा का रोना है, तो कोई व्यवस्था की नाकामी बता रहा है। लेकिन असल दर्द वहीं है — कि जो आवाज़ें सच के लिए लड़ती हैं, वही सबसे पहले भूख, लाचारी और तिरस्कार में घुटती हैं।
पत्रकार का माइक टूट गया, पर उसकी पुकार अब और गूंज रही है — क्या समाज अब भी चुप रहेगा या उस आवाज़ को थामेगा जो उसके हक में बोल रही है?
📍 रिपोर्ट: STRINGER24 NEWS | विक्रम सिंह राजपूत
© STRINGER24 NEWS | सत्य और समाज के बीच की कड़ी.
