नर्मदापुरम: 10 अक्टूबर 2025
नर्मदापुरम जिले के रोहना गांव में करवा चौथ से पहले एक भयावह घटना घटी। पुलिस ने मंगलवार तड़के 4 बजे 28 वर्षीय सेवंतीबाई को गिरफ्तार किया, जिसने अपने नशेड़ी पति राजू धुर्वे (32) की हंसिया से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला अपने पांच बच्चों को लेकर हरदा जिले के सिराली गांव स्थित मायके चली गई थी।
महिला ने पुलिस को बताया कि पति शराब के नशे में अक्सर उससे और बच्चों से मारपीट करता था। रविवार रात को भी उसने दो साल के बेटे को मारा था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने सुबह 4 बजे उठकर सो रहे पति पर हमला किया। हत्या के बाद शव को घर के पास खेत में फेंक दिया और घर की साफ-सफाई कर, 8 बजे बच्चों के साथ मायके चली गई।
पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। घर में पोंछा लगा हुआ था और खून के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। मृतक का शव धान के खेत में उल्टा पड़ा पाया गया। आरोपी महिला को दो महीने के बच्चे के साथ गिरफ्तार कर नर्मदापुरम लाया गया।
इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
🎙️ पंचायत रेडियो
आवाज़ गांव की, सवाल सबके लिए।
📢 सब्सक्राइब करें और जुड़ें पंचायत की आवाज़ से।
