*राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में विषय विशेषज्ञों की महती भूमिका*
सालीचौका नरसिंहपुरःगत दिवस विकासखंड चीचली के जन शिक्षा केंद्र शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चीचली में शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में आगामी नवंबर माह में होने वाले राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण की तैयारी एवं सफल क्रियान्वयन हेतु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए सर्वे के विकासखंड प्रभारी एवं नवभारत साक्षरता के समन्वयक सत्यम ताम्रकार द्वारा प्रधानपाठको को राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण की अवधारणा, उसके पाठ्यक्रम, आयोजन, लर्निंग आउटकम से संबंधित अध्यायों की मैपिंग, विश्लेषण प्रपत्र, विषय विशेषज्ञों की महती भूमिका, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मॉनिटरिंग तथा प्रतिदिवस ओलंपियाड प्रश्न बैंक एवं पाठ्यक्रम से संबंधित विभिन्न प्रश्नो एवं उनके उत्तरों के आदान-प्रदान पर विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए। उनके द्वारा प्रत्येक कार्य दिवस में राज्य शिक्षा केंद्र के पत्र के परिपालन में ओलंपियाड परीक्षा से संबंधित विषयवार प्रश्नों के अभ्यास की बात कही गई। उनके द्वारा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के सर्वे,पीएम पोषण आहार के दैनिक एवं मासिक मैसेज, पुस्तक वितरण ऐप पर पुस्तक रिसीविंग वितरण की एंट्री, राज्य स्तर से राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के उन्मुखीकरण की सूचना, राष्ट्रीय मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप परीक्षा के फॉर्म की एंट्री, ओलंपियाड रजिस्ट्रेशन, मैपिंग एवं प्रोफाइल अपडेशन इत्यादि पर चर्चा की गई। जन शिक्षा केंद्र के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के विषय विशेषज्ञ राजेश कसेरा, सुनील सोनी, अमित बेलवंशी, तखत सिंह विश्वकर्मा, शैलेष खोब्रागडे द्वारा अपने-अपने बिषय से संबंधित कठिन अवधारणाओं पर विस्तृत चर्चा की। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण का आयोजन आगामी नवंबर माह में चिन्हित शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में किया जाना है। इस कार्यशाला में जन शिक्षा केंद्र के सभी प्रधानपाठकों तथा विषय विशेषज्ञों की सक्रिय उपस्थिति रही। इस कार्यशाला का आयोजन विकासखंड स्रोत समन्वयक डी के पटैल के मार्गदर्शन तथा जनशिक्षा केंद्र प्रभारी भारत ताम्रकार निर्देशन में किया गया।