अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी, जिम्मेदार “गायब” — अब उग्र आंदोलन की चेतावनी
मध्य प्रदेश किसान सभा के बारहा बड़ा, वार्ड क्रमांक 5 के संयोजक दिनेश कुशवाहा ने बताया कि कच्चे रास्ते को सड़क में बदलने जैसी बुनियादी मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज चौथे दिन में प्रवेश कर चुका है।
धरने की खास बात यह है कि यहां सिर्फ नेता नहीं, बल्कि वार्ड के महिला, पुरुष और बच्चे तक पूरे जोश के साथ शामिल हो रहे हैं। रोज सैकड़ों की भीड़ यह बता रही है कि समस्या छोटी नहीं, बल्कि व्यवस्था की बड़ी नाकामी है।
जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल
क्या जिम्मेदारों के कानों तक यह आवाज पहुंच ही नहीं रही, या जानबूझकर अनसुना किया जा रहा है?
चार दिन बीत जाने के बावजूद न पंचायत सचिव आए, न सरपंच ने झांका, और न ही जनपद या जिला प्रशासन का कोई प्रतिनिधि मौके पर पहुंचा। ऐसा लग रहा है जैसे यह आंदोलन नहीं, बल्कि “अनदेखा करने की प्रतियोगिता” चल रही हो।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
दिनेश कुशवाहा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन अब शांत नहीं रहेगा।
आगामी दिनों में क्रमिक अनशन, चक्का जाम और पुतला दहन जैसे उग्र कदम उठाए जाएंगे।
“हमें हमारा हक चाहिए, कोई एहसान नहीं”
अब देखना यह है कि प्रशासन नींद से कब जागता है, या फिर जनता ही उसे जगाने के लिए मजबूर होगी।
– जगदीश पटेल
किसान सभा
📞 9827986787
