कंदेली में 1600 रु का सिलेंडर?: कालाबाजारी की आग में झुलसते छोटे दुकानदार?
नरसिंहपुर जिले में इन दिनों गैस सिलेंडर की किल्लत अब एक गंभीर समस्या का रूप लेती जा रही है। कंदेली क्षेत्र में कथित तौर पर 1600 रुपए में सिलेंडर बेचे जाने की खबरें सामने आ रही हैं, जिसने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार कंदेली क्षेत्र में गोलहनी नामक शख्स द्वारा 1600 रु में गैस सिलेंडर ब्लेक में उपलब्ध कराया जा रहा है!
“1600 रुपए में सिलेंडर लेना मजबूरी बन गया है, अब कमाएं क्या और खाएं क्या?”
नरसिंहपुर के रविवारीय बाजार परिसर में चाय का ठेला लगाने वाले दुकानदारों ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि शहर में गैस सिलेंडर की कमी का फायदा कुछ जमाखोर खुलेआम उठा रहे हैं। हालात यह हैं कि सामान्य दिनों में मिलने वाला सिलेंडर अब ब्लैक में 1600 रुपए तक पहुंच चुका है।
दुकानदारों का कहना है कि एक छोटी सी चाय दुकान में महीने में दो से तीन सिलेंडर की खपत होती है। पहले जहां व्यवसायिक सिलेंडर से काम चल जाता था, वहीं अब उसकी उपलब्धता कम होने के कारण मजबूरी में घरेलू सिलेंडर का सहारा लेना पड़ रहा है — और वह भी महंगे दामों पर।
“व्यवसायिक सिलेंडर नहीं मिल रहे, घरेलू सिलेंडर ब्लैक में लेना पड़ रहा है”
बातचीत के दौरान एक महिला दुकानदार ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि अगर कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रही, तो उन्हें दुकान बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। चौपाटी क्षेत्र में भी कई खोमचे और स्नैक्स विक्रेताओं ने फिलहाल अपने ठेले बंद कर दिए हैं।
कालाबाजारी के पीछे कौन?
जमीनी हकीकत यह है कि नरसिंहपुर में छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो चुका है। वहीं इस पूरे मामले में स्थानीय गैस एजेंसियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में नजर आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ एजेंसियां आपूर्ति की कमी का फायदा उठाकर चोरी-छिपे सिलेंडरों की कालाबाजारी में लिप्त हो सकती हैं। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यदि प्रशासन गंभीरता से जांच करे तो बड़ा खुलासा संभव है।
“आपदा में अवसर का खेल?: सिलेंडर की कमी में मुनाफाखोरी चरम पर!”
फिलहाल स्थिति यह है कि आम जनता और छोटे व्यवसायी दोनों ही इस संकट से जूझ रहे हैं। सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस कालाबाजारी पर लगाम लगा पाएगा, या फिर यह खेल यूं ही जारी रहेगा?
Stringer24News इस पूरे मामले की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन जमीनी स्तर से मिल रही सूचनाएं निश्चित रूप से एक गंभीर संकेत दे रही हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
