शहर के सुनसान इलाके बनते जा रहे ‘लव प्वाइंट’?
हाइवे ब्रिज, बरगी और बचई जैसे इलाकों में बढ़ती युवाओं की मौजूदगी
शहर के भीतर बढ़ती भीड़, सामाजिक निगरानी और पारिवारिक दबाव के बीच अब युवा सुकून और निजता की तलाश में शहर की सीमाओं से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं! हाइवे ब्रिज हो, बरगी का इलाका हो या फिर बचई जैसे सुनसान तालाब और पिकनिक स्पॉट—इन जगहों पर पहुंचने वाले युवाओं की तादाद दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है!
क्या है इन जगहों का आकर्षण?
इन इलाकों की सबसे बड़ी खासियत है—सुनसान माहौल और निगरानी का अभाव। शहर में जहां हर मोड़ पर सवाल और नजरें हैं, वहीं इन स्थानों पर युवक-युवतियां बिना किसी रोक-टोक के घंटों वक्त बिता रहे हैं!शाम ढलते ही इन क्षेत्रों में बाइक और कारों की आवाजाही बढ़ जाती है!
बरगी और बचई में बदलता माहौल
बरगी क्षेत्र, जो कभी परिवारों और पर्यटकों के लिए जाना जाता था, अब युवाओं के निजी मिलने-जुलने की जगह बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार आपत्तिजनक हालात भी देखने को मिल जाते हैं! वहीं बचई के सुनसान तालाब और पिकनिक स्पॉट पर देर रात तक मौजूदगी और शराबखोरी की शिकायतें आम हो चली हैं!
पहचान छुपाने की मजबूरी या डर?
इन सुनसान इलाकों में पहुंचने वाले कई युवक-युवतियां अपनी पहचान छुपाते हुए साफ नजर आते हैं! बाइक पर बैठी युवतियां अक्सर दुपट्टे या स्कार्फ से अपना मुंह ढककर रखती हैं, जबकि युवक हेलमेट की आड़ में अपनी पहचान छिपाकर इन स्थानों तक पहुंचते हैं! स्थानीय लोगों के अनुसार यह दृश्य अब आम हो चला है!सवाल यह है कि क्या यह सामाजिक भय का परिणाम है या बदनामी और पहचान उजागर होने के डर की तस्वीर?
सुरक्षा और सामाजिक सवाल
इस बढ़ते चलन ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या ये इलाके युवाओं के लिए सुरक्षित हैं? क्या यहां आपराधिक गतिविधियों और ब्लैकमेलिंग का खतरा नहीं बढ़ रहा? कई बार असामाजिक तत्व इन जोड़ों को निशाना बनाते हैं, लेकिन सामाजिक डर के कारण शिकायत सामने नहीं आ पाती।
सवाल यह उठता है कि क्या यह सामाजिक भय का नतीजा है या संभावित बदनामी और पहचान उजागर होने के डर से उठाया गया कदम? जो भी हो, यह स्थिति बताती है कि युवा न सिर्फ सुनसान जगहों की तलाश में हैं, बल्कि उन्हें अपने ही शहर में खुलकर सांस लेने का भरोसा भी नहीं मिल पा रहा है।
